श्री निम्बेष्वर महादेव पशु मेला घोड़ों की रिंग सहित कई प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
पाली
15 फरवरी । राज्य सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2024-25 के बिंदु संख्या 133 के तहत पाली जिले की सुमेरपुर तहसील स्थित धार्मिक स्थल श्री निम्बेष्वर महादेव परिसर में आयोजित हो रहे पशु मेले में आज से विविध आयोजन हुए।संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग, पाली डॉ. मनोज कुमार पंवार ने बताया कि रविवार को घोड़ों की रिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान सहित महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा एवं अन्य राज्यों से लगभग 250 अश्वों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मारवाड़ी घोड़ों की पारंपरिक चाल, सौंदर्य एवं नस्लीय विशेषताओं के आधार पर श्रेष्ठ अश्वों का चयन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार, अश्व यूनियन के अध्यक्ष हरिशंकर मेवाड़ा तथा प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा उपस्थित रहे। महाशिवरात्रि के अवसर पर रिंग प्रतियोगिता के प्रारंभ में प्रसाद वितरण किया गया, जिसका वितरण महंत सुरम भारती मिठड़ी मठ द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के विजेता
इस अवसर पर अदंत बछेरा प्रतियोगिता में पिनाकेन भाई बारोठ (जागरवाल, पाटन, गुजरात) को प्रथम, महेन्द्र सिंह काकाणी को द्वितीय तथा भूपेन्द्र देवड़ा (उदयपुर) को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। अदंत बछेरी प्रतियोगिता में नरेन्द्र सिंह सलोदरिया की बछेरी को प्रथम, कृष्णपाल सिंह (जोधपुर) को द्वितीय तथा प्रदीप कटारिया (गुरुग्राम, हरियाणा) को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दो दंत बछेरा प्रतियोगिता में कृष्णपाल सिंह (जोधपुर) को प्रथम, चन्द्रपाल सिंह मुण्डारा को द्वितीय तथा लालजी चौधरी (बड़गांवड़ा) को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। दो दंत बछेरी प्रतियोगिता में सूरजभान सिंह राणावत को प्रथम, मुस्ताक खान (चांदसा, गुजरात) को द्वितीय तथा पाबू सिंह (छोटा गुड़ा, बाली) को तृतीय पुरस्कार मिला। मादा अश्व प्रतियोगिता में दिव्यांशु सोलंकी (शिवगंज) को प्रथम, राजवीर सिंह (छोटा गुड़ा, बाली) को द्वितीय तथा लालजी चौधरी (बड़गांवड़ा) को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। समाचार प्रेषित किए जाने तक नर अश्व प्रतियोगिता प्रगतिरत थी, जिसमें कुल 21 नर अश्वों ने भाग लिया।अश्व पालक निर्मल सिंह कंवला, शान्तनु सिंह (मावली, खेमपुर), राजेन्द्र सिंह कोरटा, रघुराज सिंह तथा विभाग के डॉ. नवीन परिहार, डॉ. रमेश चौधरी, डॉ. नरेन्द्र सिंह मेडतिया एवं डॉ. नरेन्द्र ठाकरे ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कल के भव्य कार्यक्रम
16 फरवरी को उन्नत नस्ल के दुधारू गौवंश, नर सांड गौवंश, दुधारू भैंसवंश, नर पाड़ा भैंसवंश, बकरी-बकरा एवं ऊंट-ऊंटनी की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में निम्बेष्वर महादेव ट्रस्ट के अध्यक्ष जगत सिंह राणावत एवं ग्राम विकास अधिकारी जगदीश सुथार का सहयोग रहा।

Post a Comment
0Comments