11 दिसंबर तक दर्ज करवा सकेंगे दावे एवं आपत्तियां 4 जनवरी को होगा मतदाता सूचियों अंतिम प्रकाशन
पाली
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के शुद्धीकरण एवं नवीन मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया निर्धारित समयबद्ध कार्यक्रम के अनुसार जारी है। इस अभियान के तहत आगामी 12 नवंबर को एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने एवं संशोधन करवाने के लिए निर्धारित अवधि में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि निर्वाचन विभाग की ओर से घोषित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपादित करने के लिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, कार्मिक, सुपरवाइजर, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान पात्र युवाओं एवं ऐसे नागरिकों, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हे पंजीकरण का अवसर मिलेगा। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम, पते एवं अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर नियमानुसार संशोधन करवाया जा सकेगा। निर्वाचन विभाग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करने तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह रहेगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम -निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी राणावत ने बताया कि निर्वाचन विभाग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकेंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का 28 दिसंबर तक निस्तारण किया जाएगा। इसके पश्चात 4 जनवरी को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। तैयारियों में जुटा निर्वाचन विभाग -विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर निर्वाचन शाखा की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने तथा आमजन तक पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। तैयारियों के दौरान सुरेश कुमार व्यास, चुनाव शाखा प्रभारी ललित कुमार दवे, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, रमेश अणकिया, अनिल नामा, राजेश कुमार सैन, मनोज रांगी, लोकेश कुमार दवे, अभिषेक सिंह राजपुरोहित पुनायता सहित अन्य निर्वाचन कार्मिक एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Post a Comment
0Comments