सरपंच चुनाव लड़ने से मना किया तो पिता ने बेटे-बहू की बोलेरो से कुचलकर कर दी हत्या
जयपुर
चूरू जिले में सरपंच का चुनाव लड़ने की जिद में पिता ने बेटे-बहू की बोलेरो से कुचलकर हत्या कर दी। घटना तारानगर तहसील के चंगोई गांव की मंगलवार रात करीब 12:50 बजे की है। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया और गाड़ी जब्त कर ली है। तारानगर डीएसपी रोहित सांखला ने बताया कि चंगोई निवासी रामचंद्र जाट (60) का गांव में धर्मकांटा है। वह चंगोई गांव से सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था। लेकिन उसका इकलौता बेटा रविंद्र 40 और बहू महिंद्रा 35 उसे चुनाव लड़ने से मना कर रहे थे। इसी बात को लेकर कई दिन से परिवार में विवाद हो रहा था। मंगलवार रात भी पिता-पुत्र में घर पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद रविंद्र और महिंद्रा धर्मकांटा पर चले गए। उनके पीछे रामचंद्र भी पत्नी धर्मा देवी के साथ पहुंच गया। वहां फिर झगड़ा हुआ। वहां से रविंद्र और महिंद्रा वापस घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में पीछे से रामचंद्र बोलेरो लेकर आया और दोनों को कुचल दिया। हेड कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर रात को मौके पर पहुंचे। दोनों शव तारानगर के सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि रविंद्र का गांव में ई-मित्र है। उसकी पत्नी महिंद्रा गृहिणी थी। उनके 11 साल की बेटी मिकारिका है। रविंद्र की शादी करीब 13 साल पहले मेलूसर निवासी महिंद्रा के साथ हुई थी। धर्मकांटा पर हुए झगड़े के दौरान रामचंद्र की पत्नी धर्मा देवी भी मौके पर मौजूद थी। घटना के बाद से रविंद्र की मां धर्मा देवी बेसुध है।
16 नवंबर को है सरपंच का चुनाव
तारानगर में चौथे चरण में चुनाव है। पंच और सरपंच के लिए 16 नवंबर को वोटिंग होगी। ग्रामीणों के अनुसार मिखाला ग्राम पंचायत में पहले चंगोई गांव भी शामिल था। परिसीमन के बाद चंगोई को अलग ग्राम पंचायत बना दिया गया था। चंगोई के ग्राम पंचायत बनने के बाद से ही रामचंद्र सरपंच पद पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। लेकिन बेटा रविंद्र और बहू महिंद्रा उसे चुनाव नहीं लड़ने की कह रहे थे। वे बार-बार उसे समझाते थे। रामचंद्र के सिर पर चुनाव का जुनून सवार था। जब भी चुनाव की बात होती तो घर में कलह शुरू हो जाती थी।

Post a Comment
0Comments