तालाब में डूबने से चार की मौत दो को बचाया
जयपुर
डूंगरपुर के बड़ी गांव में वात्रक तालाब में नहाने पहुंचे चार भाई-बहनों की डूबने से मौत हो गई। इनमें तीन सगे और एक उनकी फुफेरी बहन है। वहीं दो बच्चों को उनमें से एक के पिता ने बचा लिया। मृतकों में से एक लड़की गुजरात के पालनुपर की रहने वाली है। जबकि तीन बड़ी गांव के एक ही परिवार के निवासी हैं। तीनों की मौत के बाद परिवार में अब केवल माता-पिता बचे हैं। घटना रविवार सुबह 10 बजे की है। नहाते समय तालाब की गहराई में चले गए थे। धम्बोला थाना पुलिस के अनुसार हादसे में बड़ी गांव के रहने वाले बाबूसिंह डामोर की बड़ी बेटी हिना (24) बेटा प्रतीक (20) छोटी बेटी इशिता (15) की मौत हो गई। बच्चों की फुफेरी बहन रौनक (20) पुत्री गौतम भाई परमार निवासी पालनपुर ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में राजवीर पुत्र कोहरा डामोर जयसिंह पुत्र सुरेश डामोर को बचा लिया। दोनों घायल सीमलवाड़ा हॉस्पिटल में भर्ती हैं।
परिवार में माता पिता के अलावा कोई नहीं बचा
11 साल का जयसिंह नहाते समय गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। हिना प्रतीक रौनक और इशिता उसे बचाने के लिए गए। सभी ने एक दूसरे को पकड़ लिया। सभी पानी में डूबने लगे। बच्चों के चिल्लाने पर सबसे पहले जयसिंह के पिता सुरेश दौड़कर आए। बेटे जयसिंह को बाहर निकाला। फिर राजवीर को बाहर निकाला। तीसरी बार फिर एनिकट में कूदे लेकिन तब तक 4 भाई बहन डूब गए थे। किसान बाबूसिंह डामोर के 2 बेटियां और एक बेटा ही थे। अब परिवार में कोई बच्चा नहीं है। बड़ी बेटी हिना गांव के ही एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी।जबकि भाई प्रतीक ने 12वीं कक्षा पास करने के बाद फर्स्ट ईयर में एडमिशन के लिए आवेदन किया था। सबसे छोटी बहन इशिता 11 वीं कक्षा में पढ़ती थी। डामोर की भांजी रौनक 4 दिन पहले ही मामा के घर आई थी। वो भी मामा के बच्चों के साथ तालाब में नहाते हुए हादसे का शिकार हो गई। रौनक के परिवार के लोग सूचना के बाद पालनपुर से रवाना हो गए।

Post a Comment
0Comments